Breaking News

अगर आपको भी ज्यादा गैस बनती है तो इसे बिल्कुल भी हल्के में न लें.................


  •  गैस की समस्या होने पर भूख कम लगना, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या फिर पेट फूलने जैसी समस्याएं होने लगती

  • गैस की वजह से आपको पेट संबंधी कई रोग हो सकते हैं

  • गैस बनने से पेट फूलने लगता है और पाचन संबंधी दिक्कत पैदा हो जाती है



इन दिनों पेट में गैस बनना आम बात है। पाचन तंत्र में कोई तकलीफ या गड़बड़ी होने पर एसिडिटी या पेट में गैस की समस्या(Gastric problem) परेशान करने लगती है। कई बार गैस की वजह से सीने में दर्द होने लगता है। गैस भयंकर तरीके से सिर में चढ़ जाती है तो उल्टियां तक आने लगती है। आजकल का खानपान और दिनचर्या इसके लिए काफी हद तक जिम्मेवार है। 


क्यों बनती है पेट में गैस 


हमारे पेट में दो तरह के बैक्टीरिया होते हैं गुड बैक्टीरिया और बैड बैक्टीरिया। जब इन दोनों का संतुलन बिगड़ जाता है, तो गैस बनने लगती है। कई बार किसी अन्य बीमारी के दुष्प्रभाव के कारण भी यह असंतुलन होता है। बढ़ती उम्र के साथ भोजन आसानी से नहीं पचने के कारण भी गैस बनती है। वहीं, कई लोगों को कुछ खाद्य पदार्थों के सेवन से भी गैस बनती है। जैसे कुछ लोगों में लहसुन, प्याज, बीन्स के सेवन से भी गुड और बैड बैक्टीरिया का बैलेंस बिगड़ जाता है और गैस बनने लगती है।


बहुत सारे लोग जो अक्सर कब्ज की समस्या से पीड़ित रहते हैं, उनके पेट में भी गैस बनती है। कब्ज होने के कारण उनके शरीर से टॉक्सिन्स ठीक से बाहर नहीं आ पाते, जिसकी वजह से गैस बनने लगती है। इस समस्या को दूर करने के लिए खूब पानी पीने और फाइबर वाले फूड्स का अधिक सेवन करने की सलाह दी जाती है। गैस की समस्या के ढेर सारे उपाय आपके घर में ही मौजूद हैं। 


गैस की समस्या के घरेलू उपाय



  • इसबगोल की भूसी का सेवन करने से आप गैस की समस्या से तो बचेंगे ही, यह आपको कब्ज से भी छुटकारा दिलाएगा। भूसी को एक से दो चम्मच तक पानी या दूध में मिलाकर पिएं। हालांकि, लंबे समय तक इसबगोल की भूसी का इस्तेमाल करना नुकसान भी पहुंचा सकता है।

  • जीरा और लहसुन को भूनकर रख लें। रोज खाने से 15 मिनट पहले इसे 15-15 ग्राम जरूर खाएं। ऐसा करने से पेट में गैस नहीं बनती है।

  • सौंफ, अजवायन और जीरा को बारीक पीसकर पाउडर तैयार कर लें। खाने से 20 मिनट पहले रोज आधा चम्मच पाउडर शहद के साथ मिलाकर सेवन करें। इससे गैस नहीं बनती और हमारा पाचन तंत्र सही रहता है।

  • हींग गैस की समस्या में भी बहुत फायदेमंद होता है। एक गिलास गर्म पानी में चुटकी भर हींग मिलाकर पीने से गैस की समस्या में आराम मिलता है। दिन में करीब दो से तीन बार हींग का पानी पीना फायदेमंद होगा। 

  • गैस की समस्या में छाछ पीना भी फायदेमंद होता है। बाजार में पैक्ड छाछ भी मिलता है और इसे घर में तैयार किया जाए तो और भी अच्छा है। छाछ में काला नमक और अजवाइन मिलाकर पीने से गैस की समस्या में आराम मिलता है। 

  • तेज गति से पैदल चलने की आदत आपको गैस और एसिडिटी जैसी समस्या से दूर रखती है। आप यदि गैस या अपच से परेशान रहते हैं, तो हर दिन तेज गति से करीब 5000 कदम पैदल चलें। 


सही समय पर भोजन


डाइटीशियन बताते हैं कि गैस की समस्या से परेशान लोगों को ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर तय समय पर करना चाहिए। रूटीन के अनुसार खानपान से भी गैस की समस्या से छुटकारा मिलता है। 


 


 


 


कोई टिप्पणी नहीं