Breaking News

उरई -अराजक तत्वों ने गांधी प्रतिमा तोड़ी, कांग्रेसियों ने किया बवाल

उरई। गांधी इंटर कालेज में स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किये जाने से शुक्रवार को यहां बवाल हो गया। गुस्साये कांग्रेसी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी हरकत में आ गये। अपर पुलिस अधीक्षक ने आनन फानन गांधी इंटर कालेज पहुंचकर प्रतिमा की मरम्मत करा दी है। इसके बावजूद कांग्रेसियों का गुस्सा ठंडा नहीं हो रहा। वे नये प्रतिमा लगवाने की मांग पर अड़े हुए हैं।



स्टेशन रोड स्थित गांधी इंटर कालेज में मुख्य द्वार के ऊपर स्थापित गांधी प्रतिमा को अज्ञात अराजक तत्व बीती रात क्षतिग्रस्त कर गये। दोपहर में जैसे ही यह जानकारी फैली कांग्रेस के निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्याम सुन्दर चैधरी, रेहान सिद्धीकी, अनुज मिश्रा, राजीव नारायण मिश्रा आदि वरिष्ठ नेता इंटर कालेज जा पहुंचे और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।


कांग्रेस के नेताओं के विरोध प्रदर्शन से कहीं कोई गंभीर घटना न हो जाये इसके मद्देनजर खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डा. अवधेश सिंह भी कोतवाली के फोर्स के साथ आ गये। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं को शांत करने के लिए उन्हें समझाया, बुझाया। इस बीच पुलिस द्वारा क्रेन का इंतजाम कराकर कारीगर बुलाये गये। जिन्होंने प्रतिमा के टूटे सिर को मरम्मत करके जोड़ दिया। हालांकि कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि प्रतिमा में गांधी जी का चश्मा, लाठी और किताब अभी भी गायब है। इसलिए प्रतिमा की गरिमा बहाल नहीं मानी जा सकती। नई प्रतिमा लगवानी चाहिए।


बताया गया है कि यहां गांधी जी की प्रतिमा उनके नाम पर बने इस इंटर कालेज के संस्थापक और प्रदेश सरकार के तत्कालीन कैबिनेट मंत्री चतुर्भुज शर्मा ने 1970 में स्थापित कराई थी। जिसका अनावरण तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। हालांकि अपर पुलिस अधीक्षक का कहना है कि प्रतिमा को यथावत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कालेज प्रबंधन की ओर से जो तहरीर दी जायेगी उसके मुताबिक तत्काल मुकदमा कायम कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने में शामिल अराजक तत्वों का पता लगाया जा रहा है उन पर कड़ी कार्रवाई होगी।


कोई टिप्पणी नहीं